यमुना का जलस्तर अब एक सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है। गुरुवार को इसमें और तेजी आ जाएगी। यहां दो दिन यमुना उफान पर होगी। इसे देखते हुए हाई अलर्ट घोषित है। प्रयागघाट पर पानी का जल स्तर 165.52 मीटर के निशान को पार कर गया है।
गोकुल बैराज से आगरा के लिए डिस्चार्ज भी 70 हजार क्यूसेक से अधिक हो गया है। यमुना में जल स्तर बढ़ने की रफ्तार बुधवार को भी जारी रही। प्रात:काल दो घंटे में एक सेंटीमीटर की रफ्तार से पानी बढ़ रहा था, लेकिन पूर्वाह्न 11 बजे के बाद यह स्थिति और तेज होते हुए प्रति घंटा दो सेंटीमीटर पानी बढ़ने लगा।
इससे प्रात: नौ बजे यमुना का जल स्तर प्रयागघाट पर 165.40 मीटर था, वह दोपहर 12 बजे के बाद तीन बजे तक दो सेंटीमीटर की रफ्तार से बढ़ते हुए 165.49 मीटर पर पहुंच गया। शाम छह बजे यहां जल स्तर 165.52 मीटर को पार कर गया। इस स्थिति में गोकुल बैराज पर भी आगरा के लिए पानी का डिस्चार्ज 70638 क्यूसेक हो गया।
अब संभावना जताई जा रही है कि गुरुवार और शुक्रवार को मथुरा में यमुना का जल स्तर वर्तमान दौर के अपने अधिकतम स्तर तक पहुंचेगा। इसे लेकर प्रशासनिक अफसर सतर्क है। बाढ़ चौकियों को स्थापित कर दिया गया है। मजिस्ट्रेट लगा दिए गए हैं।