कृष्ण की नगरी पर यमुना का कोप बढ़ता ही जा रहा है। जयसिंह पुरा की खादर में बने 500 घरों को यमुना के पानी ने घेर लिया। बाढ़ में फंसे लोग सामान लेकर सुरक्षित स्थानों को पलायन कर रहे हैं। बुधवार को डीएम ने बाढ़ प्रभावी क्षेत्र का दौराकर सुरक्षित स्थान तक जाने की अपील की।
यमुना में आई बाढ़ ने मथुरा में अब तक 500 से अधिक मकानों को अपने आगोश में ले लिया। जयसिंह पुरा क्षेत्र की यमुना खादर में बनी गणेश धाम और अन्य कालोनियों में रह रहे सैकड़ों परिवार बाढ़ में फंस गए हैं। यह लोग किसी तरह से अपने घरों के सामान को लेकर सुरक्षित स्थानों तक जा रहे हैं।
सोमवार से मंगलवार तक करीब 300 परिवार यमुना की चपेट में आ गए थे। बुधवार की शाम तक 200 और घर डूब गए। यमुना की खादर में जो परिवार यमुना के पानी से घिर चुके हैं उनमें आमिर, भोला, भगत जी, जय सिंह, जमील, बबलू, आबिद, जाविद, शाजिद, इरशाद, राजू, देव सिंह, अमर सिंह आदि शामिल हैं।
बाढ़ में घिरे लोगों को काफी दिक्कतों को सामना करना पड़ रह है। बुधवार तक उनके पास कोई प्रशासनिक मदद नहीं पहुंच सकी। बुधवार को डीएम सर्वज्ञराम मिश्र और उनके साथ अन्य अधिकारियों ने यमुना की खादर में पहुंचकर बाढ़ पीड़ितों का हाल जाना।