फास्टैग से भी दिक्कत
टोल अथॉरिटी के मुताबिक, यहां से होकर गुजरने वाले वाहनों की संख्या सुबह से ही अधिक थी, लेकिन दोपहर 2 बजे के बाद लखनऊ एक्सप्रेस-वे और आगरा की ओर से आने वाले वाहनों की संख्या बढ़ने लगी। शाम 4 बजे तक नोएडा की और जाने वालीं सभी 11 लेन फुल हो गई। टोल कर्मचारियों ने तेजी से वाहनों को गुजारने की कोशिश की लेकिन फास्टैग मैच करने में दिक्कत होने लगी। ऐसे में टोल प्लाजा पर जाम लग गया।
रात 12 बजे तक 40,000 वाहन गुजरे
खंदौली टोल प्लाजा के मैनेजर तुलसीराम गुर्जर ने बताया कि सामान्य दिनों में टोल से प्रतिदिन करीब 16 से 19 हजार वाहन गुजरते हैं। रविवार को रात 12 बजे तक तकरीबन 40 हजार वाहन टोल से गुजरे। दबाव बढ़ने की वजह से जाम लगा। दो रिजर्व लेनों को खोलने के साथ अतिरिक्त कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई।
ये भी पढ़ें - आगरा की बिगड़ी हवा: संजय प्लेस और शास्त्रीपुरम में सबसे ज्यादा प्रदूषण, जानें आपके क्षेत्र का हाल
हाईवे पर 5 घंटे तक रेंगते रहे वाहन
आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर टेढ़ी बगिया पर रववार की शाम 4 बजे से जाम लगना शुरू हुआ। शाम 7 बजे तक 1 किमी से अधिक में वाहनों की कतार लग गई। जाम में सैकड़ों वाहन फंस गए। पुलिसकर्मियों ने जाम खुलवाने की कोशिश की मगर नाकाम रहे। रात 9 बजे के बाद जाम से राहत मिलना शुरू हुई।
ये भी पढ़ें - UP: पर्यटक की गजब की करतूत...ताजमहल पर मनाया जन्मदिन, काट दिया केक; वीडियो हुए वायरल
आगरा-मथुरा हाईवे पर भी रहा यही हाल
भाई दूज पर दोपहिया व चारपहिया वाहनों की अधिक संख्या होने के चलते यह स्थिति बनी। अपराह्न 3 बजे से बरहन तिराहे व तहसील चौराहे पर पर 24 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात होने के बाद भी टूंडला एफएच मेडिकल काॅलेज से नगला रामबख्श तक वाहनों की 2 किमी से अधिक लंबी कतार लग गईं। खंदौली रोड से फिरोजाबाद आने-जाने वाले वाहनों के चलते बरहन तिराहे पर जाम लग गया। रात 8 बजे तक जाम के हालात बने रहे। यही हाल आगरा-मथुरा हाईवे पर रहा। यहां सिकंदरा से रुनकता तक लंबा जाम लगा रहा। सिकंदरा से शाम 5 बजे से जाम लगने की शुरुआत हुई। रात 9 बजे के बाद जाम से कुछ राहत मिलना शुरू हुई।