आगरा। विश्वकप विजेता दीप्ति शर्मा अब खेल के मैदान के साथ-साथ मनोरंजन की दुनिया में भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराने जा रही हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण से लखनऊ में मुलाकात के बाद दीप्ति मुंबई रवाना होंगी। वहां वह लोकप्रिय कॉमेडी शो द कपिल शर्मा शो की शूटिंग में शामिल होंगी।
भाई सुमित शर्मा का कहना है कि किसी भी हस्ती के लिए इस मंच पर पहुंचना लोकप्रियता और सम्मान का बड़ा संकेत माना जाता है। ऐसे मंच पर दीप्ति शर्मा का पहुंचना आगरा के लिए गर्व का बड़ा क्षण है। परिवार का कहना है कि यह मौका दीप्ति की मेहनत, विनम्रता और लोकप्रियता की पहचान है। कपिल शर्मा शो के एपिसोड में अब दीप्ति के क्रिकेट के किस्से, मजेदार बातचीत और कपिल की हास्य शैली का अनोखा मेल देखने को मिलेगा। आगरा के लोग इस प्रसारण का बेसब्री से इंतजार करेंगे।