आगरा के थाना एमएम गेट के मोती कटरा क्षेत्र के चांदी कारखाने से 3.5 किलो चांदी का गबन करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 2.750 ग्राम चांदी बरामद हुई है। दोनों आरोपियोंं को न्यायालय से जेल भेजा गया।
मोती कटरा के महादेव गली निवासी सत्य नारायण घर पर ही चांदी के आभूषण बनाने का कारखाना संचालित करते हैं। उन्होंने प्राथमिकी दर्ज कराई थी कि उनका कारीगर जगदीशपुरा क्षेत्र निवासी राज माहौर कारखाने से 3.5 किलो चांदी ठेकेदार को देने के लिए ले गया और वापस नहीं लौटा। पुलिस ने बृहस्पतिवार रात आरोपी राज माहौर और उसके साथी नवीन को गुदड़ी मैदान के पास से गिरफ्तार किया।
पूछताछ में उसने बताया कि नशे और जुआ की लत के चलते उसने चांदी का माल तौला और ठेकेदार को देने जाने के बहाने लेकर चला गया। नवीन ने चांदी रखने के बदले में आधी चांदी उसे देने की शर्त पर माल रखा था। दोनों को पता था कि बाजार में इस समय चांदी का भाव काफी ऊपर है और बेचने से अच्छी रकम मिल जाएगी।