बूथ जीतो चुनाव जीतो के तहत करें काम
भाजपा कार्यालय पर लोकसभा संचालन समिति की बैठक हुई
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। भारतीय जनता पार्टी कार्यकाल पर लोकसभा संचालन समिति की बैठक बुधवार को हुई। मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे एमएलसी ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि पदाधिकारी और कार्यकर्ता बूथ जीतो चुनाव जीतो के तहत काम करें। इस बार लोकसभा सीट जीतना पार्टी का लक्ष्य है। कार्यकर्ता और पदाधिकारी आपस में समन्वय बनाकर काम करें।
उन्होंने कहा कि पदाधिकारी हर बूथ पर जाकर लाभार्थियों से संपर्क करें। लाभार्थियों की सूची बनाएं। पन्ना प्रमुख और बूथ प्रमुखों की सूची में सक्रिय लोगों को शामिल करें। चुनाव जीतने के लिए बूथ जीतो चुनाव जीतो का मंत्र अपनाएं। जिला प्रभारी अनिल चौधरी ने लोकसभा चुनाव को लेकर पदाधिकारियों से कार्यों की समीक्षा करके कहा कि पदाधिकारी मंडलों और शक्ति केंद्रों पर जाकर बूथ कार्यकर्ताओं से संपर्क करें।
जिलाध्यक्ष राहुल चतुर्वेदी ने कहा कि मैनपुरी सीट पर भी भाजपा ही जीतेगी। क्षेत्रीय उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता ने कहा कि सभी पदाधिकारी ईमानदारी से जिम्मेदारी निभाएं। पूर्व विधायक अशोक चौहान, ममता राजपूत, गोविंद भदौरिया, सीमा चौहान, मंजूषा चौहान, विमला राजपूत, अनुजेश प्रताप सिंह, प्रदीप राज, घनश्याम दास गुप्ता मौजूद रहे।