उत्तर प्रदेश के आगरा में जिला महिला अस्पताल में पिछले 15 दिनों से आधार कार्ड बनने का काम ठप पड़ा है। इससे दूर दराज से आने वाले लोगों को मायूस होकर लौटना पड़ रहा है। आधार कार्ड न बनने का कारण तकनीकी समस्या बताई जा रही है।
विज्ञापन
जिला महिला अस्पताल (लेडी लॉयल) में दिसंबर 2022 में आधार कार्ड बनाने की सुविधा की गई थी। इससे बच्चों के जन्म प्रमाण के साथ पांच साल तक के बच्चों का आधार कार्ड आसानी से बन सके। रोजाना अस्पताल में 25 से 30 बच्चों के आधार कार्ड बनते हैं। लेकिन, वेबसाइट बंद होने के कारण पिछले 15 दिनों से आधार कार्ड नहीं बन पा रहे हैं। ऑपरेटर कृष्णकांत ने बताया कि तकनीकी समस्या के कारण लखनऊ से वेबसाइट नहीं चल रही है, इसलिए आधार कार्ड नहीं बन पा रहे हैं। समस्या के निदान के लिए लखनऊ के ग्रुप में शिकायत भी की गई है।
आधार कार्ड का काम 15 दिनों से बंद है, इस बात की जानकारी नहीं थी। सीएमओ ऑफिस में संपर्क कर इस समस्या का जल्द निस्तारण कराती हूं। -डॉ नीलम रानी, प्रमुख अधीक्षिका