टूंडला (फिरोजाबाद)। थाना क्षेत्र में मंगलवार की सुबह गहनों को लेकर दंपती में कहासुनी हो गई। इससे नाराज पत्नी ने रात में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर मौके पर पहुंचे मृतका के पिता ने दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना नगला सिंघी के गांव गढ़ी धर्मी निवासी महावीर सिंह पुत्र लक्ष्मी नारायण यादव की शादी अलीगढ़ के विजय गढ़ी निवासी पूनम (21) पुत्री मोर मुकुट सिंह के साथ विगत 30 जून को हुई थी। महावीर सिंह के छोटे भाई सुभाष की शादी आगामी 11 दिसंबर को होनी थी। परिजनों का आरोप है कि छोटे भाई की शादी के लिए महावीर ने अपनी पत्नी पूनम से गहने मांगे थे। इस पर पूनम ने गहने देने से साफ इनकार कर दिया।
मंगलवार सुबह दंपती में इस बात को लेकर विवाद हो गया। इससे नाराज पूनम ने शाम सात बजे करीब कमरे का दरवाजा बंद कर साड़ी का फंदा बनाकर रोशनदान से लटक कर फांसी लगा ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मामले में मृतका के पिता मोरमुकुट सिंह ने अतिरिक्त दहेज में एक लाख रुपये व बाइक न देने पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। मोरमुकुट सिंह ने मृतका पूनम के पति महावीर सिंह, ससुर लक्ष्मी नरायन, सास रामादेवी, देवर सुभाषचंद्र व प्रेमशंकर के विरुद्ध थाना नगला सिंघी में दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मृतका के पिता की तहरीर पर पति सहित पांच लोगों के विरुद्ध दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। सभी आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा जाएगा।
केके तिवारी, थाना प्रभारी, नगला सिंघी