आगरा के थाना ट्रांसयमुना क्षेत्र के गल्ला मंडी के सामने फिरोजाबाद रोड पर बृहस्पतिवार को मथुरा की ओर आ रही तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़ी महिला में टक्कर मार दी। एसएन मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक कार छोड़कर भाग गया।
फिरोजाबाद के गांव कनवाड़ा थाना खेरगढ़ निवासी अतुल शर्मा ने बताया कि मां पुष्पा देवी पत्नी मनीराम और पत्नी के साथ बाइक से बृहस्पतिवार सुबह करीब 9 बजे खेरिया मोड़ स्थित दरगाह जा रहा था। रास्ते में गल्ला मंडी के सामने फल खरीदने के लिए रुके। वह सड़क के दूसरी ओर फल लेने चला गया, जबकि मां हाईवे किनारे खड़ी थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने मां पुष्पा देवी को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसा देख आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां से डॉक्टर ने एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया। एसीपी छत्ता श्वेता वर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। चालक की तलाश की जा रही है। तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।