आगरा के बोदला रोड पर सोमवार शाम को एक महिला से युवक ने छेड़छाड़ कर दी। इसका विरोध करने पर मारपीट करने लगा। खींचतान कर महिला के कपड़े फाड़ दिए। लोगों की भीड़ जुटने पर आरोपी भाग निकला। पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
ताजगंज क्षेत्र की रहने वाली महिला के दो बच्चे हैं। वह पति से अलग रहती है। महिला ने पुलिस को बताया कि तोता का ताल का रहने वाला मोहन उस पर दोस्ती का दबाव बना रहा है। वह लोहामंडी में ऑटो चालकों से वसूली करता है। इसको लेकर कई बार परेशान कर चुका है। उसके इनकार करने पर भी बाज नहीं आ रहा है। महिला सोमवार शाम को अपनी सहेली से मिलने बोदला आई थी। उससे कुछ रुपए लेने थे। रुपए लेने के बाद वापस घर जा रही थी।
बोदला में लाल मस्जिद के पास तोता का ताल निवासी मोहन मिल गया। उसे पकड़ लिया। विरोध पर मारपीट शुरू कर दी। सड़क पर खींचने का भी प्रयास करने लगा। इससे उनके कपड़े फट गए। मारपीट होता देखकर लोगों की भीड़ जुट गई। इस पर आरोपी मोहन भाग निकला।
सूचना पर पुलिस महिला को थाने लेकर आई। पुलिस ने मोहन सहित तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। थाना जगदीशपुरा के प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार पांडे का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।
सेल्स ऑफिसर हत्याकांड: परिजनों ने खुलासे पर उठाए सवाल, पुलिस के लूट एंगल को नकारा, बताई ये वजह