गांव सियारपुर में महिला की मौत के बारे में जानकारी करती पुलिस ।
- फोटो : गांव सियारपुर में महिला की मौत के बारे में जानकारी करती पुलिस ।
कासगंज। सोरोंजी क्षेत्र के गांव सियारपुर में शनिवार की रात एक महिला की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। उसके भाई ने ससुरालीजन पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।
गांव सियारपुर निवासी प्रीति (28) पत्नी अंशु की शनिवार की रात उसके घर पर संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। किसी ने फोन कर महिला की मौत की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस को उसका शव तख्त पर रखा मिला । पुलिस ने महिला की मौत के मामले में उसके ससुरालीजन व ग्रामीणों से पूछताछ की। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य संकलित किए। महिला की मौत की सूचना पर उसके मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए। महिला के भाई ओमकार सिंह ने बहन की गला दबाकर हत्या का करने का आरोप ससुरालीजन पर लगाया है। सदर सीओ आंचल चौहान ने बताया कि महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। परिजन की ओर से अभी तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।
8 साल पहले हुई थी महिला की शादी
मृतक प्रीति के भाई ओमकार निवासी नगला भोली थाना सकीट जनपद एटा ने बताया कि बहन की शादी वर्ष 2017 में अंशु निवासी सियारपुर के साथ हुई थी। उसका आरोप है कि शादी के बाद से पति व ससुरालीजन दहेज की मांग को लेकर आए दिन परेशान करते थे। इसी के चलते उसके ससुरालीजन ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।