सांसद की बहन को गली में पीटते ससुरालीजन।
- फोटो : सांसद की बहन को गली में पीटते ससुरालीजन।
सहावर (कासगंज)। फर्रुखाबाद के भाजपा सांसद मुकेश राजपूत की बहन ने ससुर और दो देवरों पर बेरहमी से पीटने का आरोप लगाया है। अवंतीबाई नगर निवासी पीड़िता का आरोप है कि ससुर व दो देवरों पर नहाते समय उनकी वीडियो बनाई और फिर मारपीट की। तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। महिला को पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पीड़िता के मुताबिक, रविवार दोपहर करीब एक बजे वह घर में नहा रही थीं। इस दौरान ससुर लक्ष्मण सिंह और दो देवर राजेश और गिरीश ऊपर जाली से उसका वीडियो बना रहे थे। देखने पर जब उन्होंने विरोध किया तो वे गाली-गलौज करने लगे। ससुर ने लाइसेंसी राइफल से जान से मारने की धमकी दी। राइफल के बट से उन पर प्रहार कर दिया। वह जान बचाकर भागीं तो देवर राजेश ने चाकू और गिरीश ने सरिया से हमला कर दिया। इससे उन्हें काफी चोटें आईं।
आरोप है कि जब वह गली में पहुंचीं तो ससुर ने मोहल्ले वालों के सामने डंडे से बेरहमी से पीटा। देवर ने बाल नोचते हुए उसे जमीन पर पटक दिया। महिला को ससुर व देवर द्वारा पीटने का एक 20 सेकेंड का वीडियो भी वायरल हो रहा है। सहावर सीओ शाहिदा नसरीन बताया कि रीना की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। रीना भाजपा सांसद की बहन हैं। मामले की जांच की जा रही है।