आगरा के सैंया में झोलाछाप ने वायरल बुखार से पीड़ित महिला को इंजेक्शन लगाया, कुछ देर बाद मौत हो गई। आरोपी मेडिकल स्टोर में ही मरीजों का उपचार भी करता है। मौत होते ही वह शव छोड़कर भाग गया। परिजन हंगामा करने लगे। पुलिस ने उन्हें समझाकर शव को पोस्टमार्टम हाउस भेजा।
इरादत नगर के गांव स्यारमऊ का मजरा निवासी भारत सिंह ने बताया कि पत्नी सीमा देवी (28) को बुखार-खांसी की शिकायत थी। वह आगरा-ग्वालियर हाईवे स्थित सिकंदरपुर (छोटा) में स्थित नरेश मेडिकल स्टोर पर पहुंचीं। इसका संचालक नरेश कुशवाह मेडिकल स्टोर के साथ मरीजों का इलाज भी करता है।
नरेश कुशवाह ने इंजेक्शन लगाया। इसके बाद सीमा को बेचैनी होने लगी, वह बेहोश हो गईं। ये देख झोलाछाप खुद मरीज को लेकर निजी अस्पताल पहुंचा। वहां से आगरा के लिए रेफर कर दिया गया। रास्ते में सीमा की मौत हो गई। झोलाछाप शव को छोड़ रास्ते से ही भाग गया।
मृतका के ससुर सुरेश ने थाने में लिखित तहरीर दी है। सीमा के दो पुत्री व एक पुत्र हैं। पति मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करता है। सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि मरीज की मौत की जांच के लिए कमेटी बनाई जा रही है। मेडिकल स्टोर का लाइसेंस है कि नहीं, इसकी जांच कराने के लिए औषधि विभाग को पत्र लिखेंगे।
http://