आगरा के नगला धनी क्षेत्र में 22 वर्षीय शालू ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। शालू के परिजन ने प्रेमी दीपक और उसके परिवार पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए हरीपर्वत थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
शालू के भाई तन्नू ने पुलिस को बताया कि बहन की शादी तीन वर्ष पहले हुई थी। एक बेटी भी है। पति से विवाद के बाद शालू मायके में रहने लगी थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात दीपक से हुई, जो पहले से शादीशुदा था। दोस्ती के बाद दीपक शालू को अपने साथ सदर क्षेत्र स्थित अपने घर ले गया, जहां वे साथ रहने लगे।
आरोप है कि दीपक के परिवार के लोग शालू को लगातार प्रताड़ित करते थे। बाद में दीपक और शालू को घर से निकाल दिया गया। इसके बाद दोनों नगला धनी में किराए के कमरे में रहने लगे। यहां भी दीपक के परिजन का हस्तक्षेप और उत्पीड़न जारी रहा।
मानसिक उत्पीड़न से परेशान होकर शालू ने 12 अप्रैल को आत्महत्या कर ली। थाना प्रभारी ने बताया कि शालू के परिजन की तहरीर पर आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।