कासगंज के पटियाली क्षेत्र में दहेज के लिए हत्या का शिकार हुई महिला बबली का फाइल फोटो।
- फोटो : KASGANJ
पटियाली। क्षेत्र के ग्राम नगला सहजीत में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के भाई ने दहेज के लिए हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। मामले में ससुरालीजन के खिलाफ तहरीर दी है।
संदिग्ध परिस्थितियों में मौत बबली (25) पत्नी आशीष यादव निवासी नगला सहजीत की हुई। उसके भाई अतेंद्र कुमार निवासी रठैरा जनपद मैनपुरी का कहना है कि उनके पास बुधवार की देर शाम फोन कॉल आई कि बहन की तबियत खराब है। जब वह बबली के ससुराल नगला सहजीत पहुंचे तो वहां घर पर उसकी बहन का शव पड़ा हुआ था। जानकारी पर ग्रामीण भी एकत्रित हो गए। उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। भाई अतेंद्र ने बताया कि बबली की शादी लगभग नौ माह पूर्व हुई थी। उसका आरोप है कि ससुरालीजन एक कार की मांग कर रहे थे। जिसे वह देने में असमर्थ थे। इसके कारण उनकी बहन की हत्या की गई हैं। मामले की सूचना पर सीओ आरके सिंह, तहसीलदार राजीव निगम और कोतवाली प्रभारी जीपी सिंह पहुंच गए। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।