आगरा के परिवार परामर्श केंद्र में अजीब मामला आया। यहां एक महिला ने शिकायत की है कि उसके पति की रात में जूता फैक्टरी में ड्यूटी रहती है। सुबह घर आने पर पति पूछता है कि लिपिस्टिक कहां गईं। इससे पति उसपर शक करता है।
आगरा के परिवार परामर्श केंद्र में रविवार को अजीब-गरीब मामले आए। पति का कहना था कि वो नाइट ड्यूटी पर जाता है। तब पत्नी के होंठों पर लिपिस्टिक लगी होती है। सुबह घर लौटकर आता है तो लिपिस्टिक गायब हो जाती है। यह कहां चली जाती है। इससे पति का पत्नी पर शक गहरा गया। बात इतनी बढ़ी की कि पुलिस तक मामला पहुंचा।
विज्ञापन
हरीपर्वत क्षेत्र का रहने वाला युवक जूता फैक्टरी में कर्मचारी है। किराये पर रहता है। शहीद नगर की युवती से तीन महीने पहले शादी हुई थी। एक बार युवती मायके गई थी। दूसरी बार लौटकर आने पर विवाद होने लगा। इस पर युवती ने शिकायत की।
इसमें लिखा कि पति पूछता है कि लिपिस्टिक कहां गईं। काउंसलर के पूछने पर बताया कि उसने एक दिन पति के सामने खाना खाने से पहले लिपिस्टिक लगाई थी। इसके बाद पति काम पर चला गया।
विज्ञापन
खाना खाने के बाद उसने ब्रश किया। तभी पति आ गया। पूछने लगा कि लिपिस्टिक कहां गई। उसने कई बार सफाई दी। मगर, पति मानने को तैयार नहीं हुआ। उस पर शक कर रहा है। अब काउंसलर ने दूसरी तारीख पर दोनों को बुलाया है।
बचपन की दोस्त से प्यार, पत्नी से बनाई दूरी
ताजगंज क्षेत्र की रहने वाली दंपती की शादी को 20 साल हो चुके हैं। पति होटल में काम करता है। तीन बच्चे हैं। 18 साल की बेटी है। 14 व 12 साल के दो बेटे हैं। पत्नी ने काउंसलर को बताया कि दो साल पहले पति का व्यवहार बदला। वह घर में कम समय देता था।
व्हाट्सएप पर चैटिंग करता रहता था। उन्हें शक हुआ। पति पूछने पर गुस्सा करते थे। बेटी से नजर रखवाई। पता चला कि पति की एक महिला से दोस्ती है। इस बारे में पूछने पर पति ने एक साल पहले बातचीत करना बंद कर दिया।
खर्च भी नहीं देता था। उन्होंने पुलिस से शिकायत की। पति ने महिला से दोस्ती स्वीकारी। कहा कि महिला बचपन की दोस्त है। उससे संबंध हो गए थे। अब वो नहीं मिलेगा। उधर, महिला को भी बुलाया गया। दोनों ने कहा कि अब नहीं मिलेंगे। इस पर पति-पत्नी के बीच सुलह हो गई।
प्रेमी से प्यार, खर्च के लिए पति की याद
मलपुरा की रहने वाली युवती ने शिकायत की। कहा कि शादी को तीन साल हो गए हैं। दो साल का बेटा है। पति खर्च नहीं देता है। काउंसलर ने पति को बुलाया। उससे पूछा कि ऐसा क्यों करते हो। वो बोला कि साहब इससे पूछा कहां रह रही है। 10 महीने से प्रेमी के साथ रह रही है। फिर मैं किसका खर्च उठाऊं।
इस बारे में पूछने पर युवती ने भी हां बोल दिया। काउंसलर ने सवाल किया कि फिर पति क्यों खर्च दे। इस पर पत्नी का कहना कि पति से शादी हुई। इसलिए खर्च तो उसे ही उठाना होगा। इसमें अगली तारीख दी गई है।