पत्नी और ससुर दे रहे जान से मारने की धमकी
युवक ने कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। विवाद के चलते अलग रह रही पत्नी और उसके पिता युवक को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पीड़ित गांव दीप चापरी निवासी युवक ने कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी ससुर और पत्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
थाना घिरोर क्षेत्र के गांव दीप चापरी निवासी जयविष्णु उर्फ भोले शास्त्री ने बताया कि उसकी शादी शीला निवासी गांव ब्योंती खुर्द सदर कोतवाली के साथ हुई है। शादी के कुछ समय बाद ही विवाद हो गया। एक दिन उसकी गैर मौजूदगी में पत्नी और ससुर रामनाथ घर से सारा सामान ले गए। इसका मुकदमा सदर कोतवाली में दर्ज कराया है। मामला अब न्यायालय में विचाराधीन है। अब पत्नी और ससुर आए दिन उसे जान से मारने की धमकी देते हैं। कुछ दिन पहले ही फोन पर धमकी दी गई। जिसकी रिकॉडिंग भी उसके पास मौजूद है। पीड़ित ने शिकायती पत्र के साथ ही फोन की रिकार्डिंग भी पुलिस को उपलब्ध कराई। दोषियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। कोतवाली पुलिस ने ससुर और पत्नी के खिलाफ जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। संवाद