कुसमरा में खंदी कटने से सरसों के खेत में भरा पानी।
- फोटो : MAINPURI
कुसमरा। क्षेत्र से होकर गुजर रहे नगरिया रजबहा की पटरी कटने के कारण सौ बीघा से अधिक सरसों और आलू की फसल जलमग्र हो गई है। इससे किसानों को बड़ा नुकसान हुआ है। वहीं दो दिन से कटी हुई पटरी को सही नहीं कराया गया है। इससे किसानों में आक्रोश है। उन्होंने पटरी सही कराने और फसल में हुए नुकसान का मुआवजा दिलाने की मांग की है।
शनिवार रात को नगरयिा रजबहा में नगला भूपति के पास पानी का दबाव अधिक होने से पटरी कट गई थी। इससे रजबहा का पानी खेतों में जाने लगा और फसलों में भर गया। जलभराव होने से आसपास की सौ बीघा से अधिक गेहूं और सरसों की फसल बर्बाद हो गई। ग्रामीणों ने पटरी कटने की सूचना नहर विभाग के अधिकारियों को भी दी थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुआ। किसान महावीर सिंह ने बताया कि यह खंदी बीते दो दिनों से कटी है।
गांव के लोगों ने कई बार बांधने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। ग्रामीणों ने बोरियों में मिट्टी भरकर बांधने का प्रयास भी करते रहे, लेकिन नाकाम रहे। किसान शिवपाल का कहना है कि सफाई के नाम पर सिर्फ ठेकेदार ने खानापूरी की, जिसके कारण बाद में पटरी कट गई। ग्रामीणों ने पटरी सही कराने और फसल में हुए नुकसान का मुआवजा दिलाने की मांग की है। मांग करने वालों में किसान लालाराम, प्रवेश कुमार, प्रदीप, रमेश आदि शामिल हैं।