शादी के बाद नई नवेली दुल्हन विदा होकर घर आई। घर में खुशियां थीं। सभी रस्में हुईं, इसके बाद सुहागरात पर दूल्हा दुल्हन के कमरे में पहुंचा। बताया गया है कि वो चुपके से कमरे से चला गया, उसके बाद से नहीं लौटा। दुल्हन इंतजार करती रह गई। काफी प्रयास के बाद भी उसकी जानकारी नहीं लग सकी है।
कासगंज के थाना सिकंदरपुर वैश्य के गांव नीविया में शादी के दो दिन बाद युवक लापता हो गया। उसके परिवार के लोग चिंतित हैं। उन्होंने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई है पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
विज्ञापन
बताया गया कि गांव नीविया निवासी गंगादयाल (25) की शादी 3 जुलाई को हुई थी। गंगादयाल की बरात बदायूं जनपद के उसैत थाने के गांव करीमनगर गई थी। वैवाहिक रस्में पूरी होने के बाद 4 जुलाई को युवक अपनी दुल्हन सीमा को विदा कराकर लाया। परिवार में दुल्हन के आगमन की खुशियां मनाई जा रहीं थीं। 5 जुलाई को तमाम रिश्तेदार लौट गए। गंगादयाल भी शाम के समय खाना खाने के बाद अपने कमरे में चला गया। उसकी दुल्हन भी कमरे में गई। कुछ देर के बाद युवक कहीं चला गया। नई नवेली दुल्हन काफी देर इंतजार करती रही, लेकिन वह वापस नहीं लौटा।
कच्छा पहने ही घर से निकल गया...
नई नवेली दुल्हन ने यह जानकारी परिवार के लोगों को रात में ही दी। परिवार के लोग उसे इधर-उधर तलाशते रहे। उसके कपड़े भी घर में ही थे। वो केवल अंडरगारमेंट ही पहने था। परिवार के लोग भी युवक के अचानक लापता होने से परेशान हो गए।
पुलिस ने दर्ज की गुमशुदगी
परिवार के लोगों ने मामले की जानकारी सिकंदरपुर वैश्य थाना पुलिस के प्रभारी चंचल सिरोही को दी। पुलिस ने युवक के लापता होने की गुमशुदगी दर्ज कर ली। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। अभी तक पुलिस को कोई सुराग हाथ नहीं लगा है।