आगरा में लू के थपेड़ों को झेलते हुए सूबे के सबसे गर्म तीन शहरों में बने हुए आगरा को शुक्रवार का दिन राहत दे गया। रात में बादल छाने के बाद सुबह बारिश हुई, जिससे शुक्रवार को लू के थपेेड़ों से निजात मिली। शुक्रवार सुबह 2.3 मिमी बारिश दर्ज की गई। सुबह की बारिश के चलते तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।
शुक्रवार को अधिकतम तापमान 38.1 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 4 डिग्री कम रहा, वहीं न्यूनतम तापमान भी 22 डिग्री पर आ गया जो सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। बारिश के बाद सुबह 10 बजे तक ठंडी हवा चली, लेकिन उसके बाद तेज धूप रही, हालांकि बीते चार दिनों की तरह तेज धूप और गर्मी नहीं रही, लेकिन तापमान 38.1 डिग्री सेल्सियस तक बना रहा।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के मुताबिक अगले दो दिनों में तापमान में इजाफा हो सकता है, लेकिन अगले सप्ताह फिर से बारिश के आसार बन रहे हैं। आंधी के साथ बारिश का अनुमान है।
सीवर खोदाई से निकली मिट्टी में बारिश से फिसलन
जगदीशपुरा, नौबस्ता, किशोरपुरा, गढ़ी भदौरिया, हनुमान नगर, बोदला, अवधपुरी, सुभाष नगर, मारुति इस्टेट में सीवर और पानी की पाइपलाइन खोदाई के कारण मिट्टी सड़क पर ही बिखरी पड़ी है। सुबह की बारिश के कारण मिट्टी दलदल में बदल गई, जिससे फिसलन हो गई। सुबह आफिस के लिए निकले लोगों के दो पहिया वाहन फिसलते रहे। सबसे ज्यादा परेशानी जगदीशपुरा, बोदला रोड की गलियों में हुई, जहां दो पहिया वाहन निकलने के लायक भी जगह नहीं छोड़ी। खोदाई के बाद छोड़ी गई मिट्टी से लोग परेशान रहे।
ये भी पढ़ें- लखनऊ-एक्सप्रेसवे पर हादसा: बहनोई का शव लेने आगरा आए युवकों की कार दुर्घटनाग्रस्त, तीन की मौत
ये भी पढ़ें- लुटेरी दुल्हन: चाय में बेहोशी की दवा मिलाकर पिलाई, पति और ससुर को बेहोश कर गहने ले गई युवती