कुसमरा। शुक्रवार को कुसमरा चौकी इंचार्ज के पास पहुंचे प्रेमी जोड़े ने शादी कराने की गुहार लगाई। कहा कि वह बालिग हैं, युवती के परिजन राजी नहीं हो रहे हैं। दोनों की बात सुनने के बाद उनके परिजन को बुलाया गया। दो दिन का समय देते हुए कहा कि लोग सहमति बना लें अन्यथा बालिग की इच्छानुसार कार्रवाई की जाएगी।
किशनी थाना क्षेत्र की कुसमरा चौकी पर शुक्रवार को युवक और युवती पहुंचे। दोनों ने चौकी इंचार्ज राजेश कुमार से कहा कि वह एक ही जाति के हैं, आपस में प्रेम करते हैं लेकिन युवती के परिजन शादी के लिए तैयार नहीं हैं। कहा कि दरोगा जी हमारी शादी करा दो। प्रेमी जोड़े की बात सुनने के बाद चौकी इंचार्ज ने उम्र संबंधी दस्तावेज मांगे। दोनों ने अपने आधार कार्ड दिखाए। बताया कि वह लोग पढ़े लिखे नहीं हैं, जिस वजह से हाईस्कूल का सर्टिफिकेट नहीं है। चौकी इंचार्ज ने दोनों के परिजन को चौकी पर बुलाया और कहा कि दोनों बालिग हैं और शादी करना चाहते हैं। उन्होंने परिजन को सहमति बनाने के लिए दो दिन का समय दिया है।