भोगांव। खाद्य एवं रसद मंत्री सतीशचंद्र शर्मा ने शुक्रवार को गांव अहिरवा पहुंचकर गोशाला का निरीक्षण किया। ग्राम प्रधान द्वारा गोवंशों के लिए हरे चारे की व्यवस्था को देखा। कहा कि गोसेवा एक पुनीत कार्य है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की यह प्रमुख योजना है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीवका मिशन के तहत महिला समूह बनाकर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रदेश सरकार कार्य कर रही है। गांवों में स्वच्छ भारत मिशन योजना के तहत शौचालयों का निर्माण कराया है। स्वच्छ पेयजल आपूर्ति मिशन अभियन चलाया जा रहा है। विधायक रामनरेश अग्निहोत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में विकास के कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। प्रत्येक गांव में हैंडपंप के साथ स्वच्छ पेयजल योजना का काम अंतिम चरण में हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप चौहान, ग्राम प्रधान कुलदीप यादव, डीएम अविनाश कृष्ण सिंह, एसपी अशोक कुमार राय, सीडीओ विनोद कुमार, एडीएम रामजी मिश्रा, एसडीएम राज नारायण त्रिपाठी, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि कश्मीर सिंह आदि मौजूद रहे।
शिकायत मिलते ही करें निस्तारण
मैनपुरी। खाद्य एवं रसद राज्यमंत्री सतीशचंद्र शर्मा ने शुक्रवार को विकासखंड मैनपुरी का निरीक्षण किया। केसीसी की खराब प्रगति पर नाराजगी जताई। मंत्री ने बीडीओ से कहा कि शिकायतकर्ता से शिकायत प्राप्त होते ही उसका पंजिका में अंकन करके शीघ्र निस्तारण करें। निस्तारण आख्या शिकायत पंजिका में अंकित की जाए। कहा कि रोजगार गारंटी कानून सम्मान के साथ जीवन जीने का बुनियादी अधिकार है। बताया कि 48 ग्राम पंचायतों के सापेक्ष 41 ग्राम पंचायतों में मनरेगा से कार्य संचालित हैं। एसडीएम सदर नवोदिता शर्मा, सीओ लाइन संतोष कुमार सिंह, डीडीओ प्रवीन कुमार राय, बीडीओ श्वेतांक पांडेय आदि मौजूद रहे। संवाद