फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नगर पालिका के तीन हजार घरों में नहीं पहुंच रहा पानी

विज्ञापन
05एमएनपी-26-मोहल्ला अग्रवाल में बंद नलकूप - फोटो : MAINPURI
विज्ञापन
मैनपुरी। बिजली विभाग की लापरवाही के कारण शहर में तीन हजार परिवारों को पानी नहीं मिल रहा है। लो वोल्टेज के चलते दो नलकूप नहीं चल पा रहे हैं। नगर पालिका अधिक क्षमता का ट्रांसफार्मर लगवाए जाने के लिए 4.08 लाख की धनराशि बिजली विभाग में जमा कर चुकी है। इसके बाद भी अधिक क्षमता वाले ट्रांसफार्मर नहीं लग सके हैं।
विज्ञापन

मोहल्ला अग्रवाल में नए नलकूप की स्थापना कराई गई है। यहां बिजली आपूर्ति के लिए विभाग से 25 किलोवाट के ट्रांसफार्मर की मांग की गई। नगर पालिका के अनुसार 24 जनवरी को इसके लिए 3.35 लाख की धनराशि भी जमा करा दी है, लेकिन बिजली विभाग ने ट्रांसफार्मर नहीं उपलब्ध कराया। यही हाल नगला कीरत में लगे नलकूप का है। सात किलोवाट के स्थान पर 15 किलोवाट के ट्रांसफार्मर की मांग नगर पालिका ने की। इसके लिए 18 फरवरी को 73849 रुपये की धनराशि भी जमा कर दी है। इसके बाद भी यहां भी ट्रांसफार्मर नहीं बदला है। उच्च क्षमता वाले ट्रांसफार्मर न लगने से दोनों ही मोहल्लों में लगे नलकूप नहीं चल पा रहे हैं। इससे मोहल्ला अग्रवाल स्थित करीब दो हजार और नगला कीरत क्षेत्र के करीब एक हजार घरों में पानी नहीं पहुंच पा रहा।
होली पर होगी परेशानी
मोहल्ला अग्रवाल और नगला कीरत में पेयजल आपूर्ति में सुधार के लिए समय से ट्रांसफार्मर नहीं रखवाए गए तो होली पर परेशानी हो सकती है। मोहल्ला अग्रवाल निवासी राम सिंह ने बताया कि होली पर पानी की जरूरत सबसे अधिक होती है।
विज्ञापन
विज्ञापन

शिकायत की नहीं हुई सुनवाई
मोहल्ले में पानी की सप्लाई नहीं मिल रही है। इससे लोगों को दिक्कत उठानी पड़ रही है। नगर पालिका से कई बार शिकायत भी की है।
राहुल वर्मा
गर्मी में होगी समस्या
अभी तो गर्मी की शुरुआत हुई है तब यह हाल है। आगे जब गर्मी बढ़ेगी पानी की खपत भी बढ़ेगी तब क्या हाल होगा।
राम सिंह
नहीं बदला ट्रांसफार्मर
नलकूप के ट्रांसफार्मर बदलवाए जाने की बात कही जा रही है, लेकिन पिछले 15 दिनों से ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया।
धमेंद्र कुमार
दिक्कत कब होगी दूर
घर में पानी नहीं आ रहा है। दिक्कत क्या है इसके बारे में यही बताया जाता है कि ट्रांसफार्मर बदला जा रहा है, लेकिन आज तक नहीं बदला गया।
देवेंद्र कुमार
लालचंद भारती, ईओ नगर पालिका से दो टूक
सवाल: मोहल्ला अग्रवाल और नगला कीरत में हजारों लोग पानी के लिए जूझ रहे हैं।
जवाब: इन मोहल्लों में नलकूप संचालन के लिए उच्च क्षमता के ट्रांसफार्मर की जरूरत है।
सवाल: उच्च क्षमता वाले ट्रांसफार्मर स्थापित क्यों नहीं कराए जा रहे हैं?
जवाब: बिजली विभाग में रुपये जमा करा दिए हैं, लेकिन अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं।
सवाल: आपने बिजली विभाग के अधिकारियों से वार्ता नहीं की?
जवाब: वार्ता के साथ ही पत्र भी लिखा है, जल्द ही ट्रांसफार्मर लगवाने का भरोसा दिया है।
सवाल: होली तक ट्रांसफार्मर नहीं बदला तो क्या करेंगे?
जवाब: वैसे तो ट्रांसफार्मर बदल जाएंगे, अन्यथा की स्थिति में टैंकर से पानी उपलब्ध कराया जाएगा।
..........................
मांगेंद्र कुमार, अधिशासी अभियंता विद्युत से दो टूक
सवाल: क्या नगर पालिका ने नए ट्रांसफार्मर के लिए आवेदन किया है?
जवाब: हां आवेदन किया गया है जिस पर कार्रवाई चल रही है।
सवाल: क्या अभी तक मोहल्ला अग्रवाल का ट्रांसफार्मर बदला गया?
जवाब: ट्रांसफार्मर बदले जाने की कार्रवाई चल रही है शुक्रवार तक बदल जाएगा।
सवाल: नगला कीरत के ट्रांसफार्मर को कब तक बदला जाएगा?
जवाब: इसके लिए अभी कोई आवेदन नहीं प्राप्त हुआ है।
सवाल: नगर पालिका तो 18 फरवरी को फीस जमा करने की बात कह रही है?
जवाब: हो सकता है कार्यालय में फीस जमा करा दी गई हो, अभी प्रकरण मेरे सामने नहीं आया है।
सवाल: यदि आवेदन हुआ है तो कब तक ट्रांसफार्मर बदल जाएगा?
जवाब: होली से पहले ट्रांसफार्मर बदलवा दिया जाएगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें