मैनपुरी। जल निगम ने मोहल्ला छपट्टी में 50 लाख रुपये खर्च कर नलकूप लगवाया था। इसके बाद भी मोहल्ले के लोग पानी के परेशान हैं। यहां लगे नलकूप की मोटर दो महीने में छह बार फुंक चुकी हैं। पिछले तीन दिन से तीन हजार घरों में पानी नहीं पहुंच रहा है। पालिका प्रशासन भी इसको लेकर परेशान है।
पालिका इसके लिए बिजली विभाग और कार्यदायी संस्था जलनिगम को जिम्मेदार बता रही है। नगर के मोहल्ला छपट्टी में 50 लाख की लागत से मई में जलनिगम की ओर से नवीन नलकूप की स्थापना की गई थी। इस नलकूप की बोरिंग में बरती गई लापरवाही तथा बिजली विभाग की मनमानी के कारण मोहल्ला छपट्टी, वंशीगोहरा, खरगजीत नगर क्षेत्र के तीन हजार घरों में पानी का संकट छाया हुआ।
तीन दिन पूर्व अचानक फिर से नवीन नलकूप की मोटर फुंक जाने के कारण पानी की सप्लाई बाधित हो गई है। जेई पूरन सिंह बताते हैं कि पहले तो बिजली विभाग ने ट्रांसफार्मर नहीं बदला, जिसके चलते दिक्कत रही। अब ट्रांसफार्मर बदल गया, लेकिन बिजली के हाई-लो वोल्टेज मुसीबत बने हुए हैं। उनका कहना है कि जल निगम में नवीन नलकूप की बोरिंग के दौरान लापरवाही बरती है, जिसका खामियाजा पालिका को उठाना पड़ रहा है।
समस्या का जल्द निस्तारण हो
मोहल्ले में तीन दिन से पानी की सप्लाई बंद है। तीन दिन में मात्र एक बार 15 मिनट के लिए पानी आया तब से पानी नहीं आया है। यह परेशानी पिछले चार महीने से बनी हुई है। मोटर फुंकनेे के कारण पानी की सप्लाई बाधित हो जाती है।
-प्रदीप कुमार
पड़ोसी से पानी मांग कर चल रहा काम
तीन दिन से टंकी का पानी नहीं आ रहा है। इससे पानी का संकट है। पड़ोसी के घर पर मोटर लगी हुई है उससे पानी मांगा जा रहा है। नगर पालिका को इस समस्या का स्थाई समाधान ढूंढना चाहिए।
-मिथलेश कुमारी
चार महीने से है संकट
मोहल्ले में चार महीने से पानी का संकट है। चार से पांच दिन पानी की सप्लाई होती है फिर से मोटर फुंक जाता है। आखिर असली समस्या क्या है विभाग को इस पर ध्यान देना चाहिए। जिससे कि लोगों को पानी के संकट से निजात मिल सके।
-मुन्नी देवी
पानी मांग हो रही व्यवस्था
मोहल्ले में पानी की समस्या है। हैंडपंप खराब पड़े हुए हैं। टंकी की सप्लाई भी बाधित चल रही है। ऐसे में लोग इधर-उधर से मांग कर पीने के पानी की व्यवस्था कर रहे हैं। पता नहीं कब इस समस्या से निजात मिलेगी।
-विटोला देवी
शीघ्र ही मोटर को ठीक कराकर जलापूर्ति सुचारु कराई जाएगी
मोटर ठीक कराने के निर्देश जेई को दिए गए हैं। जेई की ओर से दी गई रिपोर्ट के अनुसार बोरिंग में बालू की समस्या है जिसके कारण मोटर फुंक रही है। शीघ्र ही मोटर को ठीक कराकर पानी की सप्लाई शुरू कराई जाएगी।
-लालचंद्र भारतीय, ईओ नगर पालिका