बारिश के बाद आगरा की सड़कों की हालत
- फोटो : अमर उजाला
नगर आयुक्त निखिल टी फुंडे ने हरीपर्वत चौराहे पर सोलिटेयर होटल पर नाला सफाई कराई, लेकिन दिल्ली गेट से सोलिटेयर होटल तक नाले पर अवैध निर्माण नहीं हटवा सके। इससे इस एक किमी दूरी का नाला साफ ही नहीं हुआ और इस वजह से मदिया कटरा रोड पर जबरदस्त जलभराव हुआ। मदिया कटरा से कैलाशपुरी मोड़ तक सड़क के दोनों ओर एक से दो फुट तक पानी भरा रहा।
इसी रोड पर कई जगह डिवाइडर के ऊपर से पानी बहता हुआ चला। नगर आयुक्त ने राजामंडी बाजार में नई नालियां बनवाई, सीवर साफ कराया, लेकिन नूरी दरवाजे नाला चोक रहा, जिससे राजामंडी बाजार में पानी भरा रहा। नूरी दरवाजा और राजामंडी का एक लेवल है। अर्जुन नगर और अजीत नगर गेट पर भी पानी भरा रहा। यहां नगर आयुक्त बुधवार को भी निरीक्षण के लिए पहुंचे, जहां 6 घंटे तक जलभराव बना रहा।
मेयर के बदले बोल
10 जून : ‘जवाबदेह होंगे सेनेटरी इंस्पेक्टर’
मेयर नवीन जैन ने 10 जून को नाला सफाई की बैठक में सेनेटरी इंस्पेक्टरों से कहा था कि नाला सफाई ढंग से करें। अगर कहीं जलभराव हुआ तो कार्रवाई होगी। क्षेत्र के सेनेटरी इंस्पेक्टर इसके लिए जवाबदेह होंगे। उनकी जिम्मेदारी तय की जाएगी। अगर उनके क्षेत्र में जलभराव न हुआ तो 15 अगस्त को सम्मान भी करेंगे। शहर में कोई सड़क, कोई गली ऐसी नहीं रही जहां जलभराव नहीं हुआ।
28 जुलाई : ‘बारिश होगी तो पानी भरेगा ही’
अब बारिश होगी तो पानी भरेगा ही, पर जल्द ही निकल भी गया। जिन जगहों पर ज्यादा देर पानी भरा, वहां यह देखना होगा कि क्या कारण रहे। नाला सफाई के बाद भी क्या कारण थे कि घंटों पानी भरा रहा। मेरे पास तो जलभराव की कोई शिकायत नहीं आई। मैं कई जगह निकला, लेकिन पानी जितनी तेजी से भरा था, उतनी तेजी से निकल भी गया। - नवीन जैन, मेयर
25 जगह लगाए पंप
पानी निकालने के लिए 25 जगह पंप लगाए हैं। इनमें से कुछ जगह पंप की क्षमता भी बढ़ाई है, ताकि तेजी से पानी निकले। नगर निगम गेट पर जाली में कचरा फंसा था, जो साफ कराने पर थोड़ी देर में पानी निकल गया। बीते साल भी मैं शहर में था, पर इस साल जलभराव कम हुआ है। नाला सफाई नहीं, बल्कि अन्य कारणों से भी पानी भरा है। कुछ जगहें कटोरीनुमा हैं, जिस वजह से पानी घंटों तक भरा रहा। - निखिल टी फुंडे, नगर आयुक्त
जलसंकट: पानी के बीच 'पानी' के लिए तरसे शहर के लोग, आज शाम से आगरा में जलापूर्ति का दावा