सोमवार को पांच घंटे हुई बारिश से ताजमहल और आगरा किला जैसी विश्व धरोहरों तक पहुंचने का मार्ग जलमग्न हो गया। ताजमहल के तीनों प्रवेश द्वारों के सामने ताजगंज प्रोजेक्ट की खोदाई के चलते जलभराव हुआ तो वहीं सबसे खराब हालात रहे आगरा किले के, जहां मंटोला नाले का गंदा पानी सड़क पर भर गया। दो घंटे तक आगरा किला के सामने सड़क पर पानी भरा रहा। एत्माद्दौला स्मारक के अंदर दो फुट तक पानी भरा रहा, वहीं अकबर का मकबरा, सिकंदरा में पार्किंग क्षेत्र में जलभराव से सैलानी परेशान रहे।
ताजमहल के पास 197 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट में हर बार यही बात उठाई जाती रही कि ताजमहल के प्रवेश द्वार पर पानी न भरे, लेकिन ऐसा हुआ नहीं। सोमवार की बारिश में ताज के तीनों ही प्रवेश द्वारों पर न केवल पानी भरा, बल्कि यह ताज के अंदर भी पहुंचा। दक्षिणी गेट से पूरे ताजगंज का गंदा पानी ताजमहल के फोर कोर्ट में पांच घंटे तक गिरता रहा। इस दौरान पर्यटकों की आवाजाही पूरी तरह से रुकी रही। आगरा किला तक के पहुंच मार्ग में जलभराव से सैलानी परेशान रहे। बिजलीघर से आगरा किला तक का रास्ता नहर की तरह से बन गया। 100 फुट चौड़ी सड़क पर दो फुट तक पानी जमा रहा जो बारिश बंद होने के बाद 12 बजे ही कम हो पाया। मंटोला नाले के उफनने से किले के प्रवेश द्वार पर पानी भरा रहा।