हर महीने तीन से चार बार गंगाजल की आपूर्ति ठप होने के कारण लोग मांग करने लगे हैं कि पालड़ा की तरह आगरा में स्टोरेज टैंक या जलाशय बनाया जाए। इन जलाशय में दो से तीन दिनों का पानी स्टोर किया जा सके। पालड़ा से पानी बंद होने की स्थिति में वहां से पानी लिया जा सके।
लोग पानी का भंडारण करें
जलनिगम गंगाजल इकाई के प्रोजेक्ट मैनेजर महेश गौतम ने बताया कि बुलंदशहर के पालड़ा फॉल से पानी की कमी बताई गई है। अगले दो दिनों में पानी की किल्लत हो सकती है, इसलिए लोग पानी का भंडारण करके रख लें। सिंचाई विभाग से पानी की आपूर्ति बढ़ाने के लिए कहा गया है, पर आगरा आने में समय लगेगा।
कृष्णा कॉलोनी में लीक हुई 30 इंच की पाइपलाइन
कृष्णा कॉलोनी में जलकल विभाग की पाइपलाइन में लीकेज से पुराने शहर में पानी का संकट हो गया है। लीकेज से प्रेशर कम हुआ तो ऊंचे इलाकों में पानी कम पहुंचा। वहीं जीवनी मंडी वाटरवर्क्स के गेट पर ही हो रही लीकेज के कारण बल्केश्वर, कमला नगर आदि इलाकों में प्रेशर कम आ रहा है। इससे क्षेत्र के करीब तीस हजार लोगों को परेशानी हो रही है।
कृष्णा कॉलोनी में 24 मीटर के पाइप में 12 जगह लीकेज के बाद टुकड़े लगाए गए हैं, जो बार-बार लीक हो रहे हैं। इससे काला महल, गुदड़ी मंसूर खां, धूलियागंज में पानी की किल्लत हो गई। पार्षद रवि बिहारी माथुर ने बताया कि जलकल विभाग लीकेज ठीक करने के बजाए वहां नया पाइप बदल दे तो समस्या का स्थायी हल हो सकता है। बार-बार लीकेज से घरों के सामने की सड़क खोदी जा रही है। इससे घरों में दरार आने का भी खतरा है।
जीवनी मंडी वाटरवर्क्स गेट पर 30 इंच की पानी की लाइन में लीक होने से शनिवार को हजारों लीटर पानी बर्बाद हो गया है। कमला नगर, बल्केश्वर आदि इलाकों में जलापूर्ति प्रभावित हो गई।