फिरोजाबाद। पेयजल आपूर्ति के समय अघोषित बिजली कटौती के कारण थाना रसूलपुर क्षेत्र के कई मोहल्लों में लोगों को पानी का संकट झेलना पड़ रहा है। कई दिनों से चल रही समस्या को लेकर क्षेत्रीय पार्षदों ने रसूलपुर विद्युत उपखंड के अधिकारियों से समस्या का समाधान कराने की मांग की है।
विद्युत उपखंड रसूलपुर से जुड़े मोहल्लों में कई दिन से सुबह एवं शाम के वक्त बिजली कटौती की जा रही है। पेयजल आपूर्ति के समय बिजली कटौती होने के कारण लोगों को पानी की सप्लाई नहीं मिल पा रही है। शनिवार को क्षेत्रीय पार्षद शाहिद अंसारी एवं इमरान कुरैशी ने विद्युत उपखंड जाकर एसडीओ बिजली को समस्या से अवगत कराया। पार्षदों ने विद्युत उपखंड अधिकारी को लिखित देकर समस्या का समाधान कराने अन्यथा जिला में तैनात बिजली अफसरों व मंडलीय अभियंता दक्षिणांचल वितरण निगम को शिकायत करने की चेतावनी दी है।