मैनपुरी। जिलेभर में लगभग ढाई हजार किसानों को बृहस्पतिवार को पांच हजार वेस्ट डिकंपोज कैप्सूल का निशुल्क वितरण किया गया। इसके प्रयोग के बारे में भी जानकारी दी गई।
जिले में बड़े पैमाने पर धान की खेती होती है। ऐसे में पराली का निस्तारण बड़ी समस्या है। किसानों को पराली के निस्तारण के तहत कृषि विभाग ने वेस्ट डिकंपोज कैप्सूल को विकल्प के रूप में चुना है। इस कैप्सूल से कल्चर तैयार कर पराली का निस्तारण आसानी से किया जा सकेगा। विभाग की ओर से नौ ब्लॉकों पर किसानों को कैप्सूल का वितरण किया गया। प्रति किसान दो कैप्सूल दिए गए। ब्लॉक कुरावली में जिला पंचायत सदस्य शिवम यादव और सहायक विकास अधिकारी कृषि विनोद कुमार ने किसानों को कैप्सूल बांटे।
----
जिले को मिले हैं 14400 कैप्सूल
कृषि विभाग को शासन ने 14400 वेस्ट डिकंपोज कैप्सूल उपलब्ध कराए हैं। विभाग का मानना है कि जब किसान इसका प्रयोग कर पराली का निस्तारण करेंगे तो अन्य किसानों में जागरूकता आएगी।
----
ऐसे तैयार करें कल्चर
अधिकारियों ने वेस्ट डिकंपोज कैप्सूल से कल्चर बनाने की विधि बताई। बताया कि पांच लीटर पानी में तीन सौ ग्राम गुड़ का घोल बनाकर उसे गर्म करें। इस दौरान गंदगी साफ कर लें। घोल को ठंडा कर उसमें 50 ग्राम बेसन मिला लें। इसके बाद दो वेस्ट डिकंपोज कैप्सूल को तोड़कर मिला दें और घोल को कपड़े से ढककर रख दें। सात दिन में ये घोल तैयार हो जाएगा। इसका प्रयोग एक एकड़ की पराली के निस्तारण के लिए किया जा सकता है। दोबारा इसी घोल के कुछ भाग में पानी, गुड़ आदि को बढ़ाकर सात दिन में फिर से तैयार कर सकते हैं।