स्मार्ट सिटी के तहत बने फुटपाथ की धुलाई करते मजदूर
- फोटो : अमर उजाला
केंद्रीय शहरी विकास सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा शुक्रवार को आगरा आ रहे हैं। वह दो दिन तक आगरा स्मार्ट सिटी और मेट्रो के कार्यों की समीक्षा और निरीक्षण करेंगे। ऐसे में उनके आने से पहले ही सब कुछ चमकाने की कवायद की जा रही है।
तीन महीने से फतेहाबाद रोड पर स्मार्ट सिटी के कार्यों के कारण लोग धूल के गुबार झेल रहे थे, लेकिन केंद्रीय शहरी विकास सचिव के आने से तीन दिन पहले सड़कों की धुलाई और धूल हटाने का काम शुरू कर दिया गया। फतेहाबाद रोड पर और सर्किट हाउस रोड पर गुरुवार को दिनभर धूल हटाने, पत्थरों को चमकाने और सड़कों की धुलाई का काम किया गया।
मेट्रो, स्मार्ट सिटी के लिए दो दिन रहेंगे आगरा में
केंद्रीय शहरी विकास सचिव दुर्गाशंकर मिश्रा शुक्रवार को दोपहर दो बजे आगरा आएंगे। सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ अनौपचारिक बैठक होगी। शनिवार सुबह आगरा मेट्रो रेल प्रोजेक्ट के संबंध में प्रदेश सरकार, मेट्रो रेल कारपोरेशन और स्थानीय अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इस बैठक में मेट्रो प्रोजेक्ट की प्रोग्रेस, जमीनों के हस्तांतरण, पीएसी की शिफ्टिंग पर वार्ता होगी। वह स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट की समीक्षा भी करेंगे।