फिरोजाबाद जिले के थाना सिरसागंज क्षेत्र में बुधवार की रात पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। करहल रोड पर चेकिंग के दौरान पुलिस को मोटरसाइकिल सवार दो बदमाश आते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने जब उन्हें रोका गया तो बदमाशों ने तमंचा निकालकर पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी और भागने लगे।
पुलिसकर्मियों ने किसी तरह से खुद को बचाते हुए बदमाशों पर काउंटर फायरिंग की। इस दौरान एक बदमाश को पैर में गोली लगी, जो मोटरसाइकिल सहित वहीं गिर पड़ा। उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया है। उसका साथी बदमाश भाग गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
मुठभेड़ में थाना सिरसागंज का सिपाही विजय भी घायल हुआ है। आरक्षी विजय और बदमाश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिरसागंज में भर्ती कराया गया। बदमाश की पहचान शातिर अपराधी वाजिद पुत्र यूनिस निवासी फकीरटोला (थाना सिरसागंज) हाल पता फ्रेंड्स कॉलोनी, जनपद इटावा के रूप में हुई है।