उमाशंकर के मुताबिक, दोपहर तकरीबन 3.30 बजे श्रेया गेट के पास खड़ी थी। तभी छह बदमाश गेट पर पहुंचे। कहा कि निर्मल, निर्मल... इस पर बेटी ने गेट खोल दिया। पांच बदमाश दनदनाते हुए घर में अंदर घुस आए। इनमें से एक के हाथ में तमंचा और चार के हाथ में चाकू थे।
उमाशंकर ड्राइंग रूम में बेड पर लेटे थे। उनको धक्का दे दिया। इसके बाद जमीन पर घसीटते हुए अंदर के कमरे में ले गए। बदमाशों को देखकर सरोज और सपना ने शोर मचाना शुरू कर दिया। इस पर बदमाशों ने तमंचे और चाकू निकालकर जान से मारने की धमकी दी।
चाबी देने से मना करने पर पीटा
लुटेरों ने उमाशंकर, उनकी पत्नी, बहू, नाती और नातिन को एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद उमाशंकर और उनकी बहू सपना पर तमंचा तानकर अलमारी की चाबी मांगी। उमाशंकर के मना करने पर मारपीट कर दी। इस पर बदमाश गोली मारने की धमकी देने लगे।
सपना ने चाबी दे दी। लॉकर में रखे तकरीबन आठ तोले सोने के जेवरात, आधा किलोग्राम चांदी के जेवरात और पांच हजार रुपये लूट लिए। मोबाइल भी कब्जे में ले लिया। मकान की रजिस्ट्री को भी बदमाशों ने रख ली। फिर कमरे में बंद करके बदमाश भाग गए।
तकरीबन 3:55 बजे बदमाश गए। धमकी दी थी कि शोर नहीं मचाना। इस वजह से बेबस पड़े रहे परिजनों ने काफी देर तक शोर नहीं मनाया। तकरीबन 15 मिनट बाद शोर मचाया। इस पर घर के बाहर अपनी भैंस लेकर आई महिला ने आवाज सुन ली। पहले उसने उमाशंकर के घर का मुख्य गेट खोला। बाद में अंदर के कमरे में गई। परिवार को बंधक देकर वह भी चौंक गई। इसके बाद क्षेत्र के लोग आ गए। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। तकरीबन साढ़े चार बजे पुलिस पहुंच गई।
मजदूर आया तो कह दिया परिवार का विवाद है
पीड़ितों ने बताया बदमाश तकरीबन 25 मिनट तक घर में रहे। इस दौरान एक बदमाश घर के बाहर खड़ा होकर नजर रखे रहा। उमाशंकर के घर के पास ही एक घर में शटरिंग लगाने काम हो रहा था। इस पर एक मजदूर आवाज सुनकर आ गया। मगर, बाहर खड़े बदमाश ने उससे कहा कि परिवार में विवाद हो गया है। तुम चले जाओ। इस पर मजदूर चला गया। पूछताछ में पता चला कि बदमाशों की उम्र तकरीबन 25-30 वर्ष थी। सभी ने जींस और शर्ट पहन रखी थी। उनके चेहरे पर मास्क भी थे। भाषा भी आम बोलचाल वाली थी।
सूचना पर तकरीबन साढ़े चार बजे एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद, एएसपी सौरभ दीक्षित थाना सिकंदरा की फोर्स के साथ पहुंच गए। बरखा विहार कालोनी के पास सचदेवा मिलेनियम स्कूल है। पुलिस ने स्कूल के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों को चेक किया। इसमें दो बाइक पर छह बदमाश कालोनी से निकलकर जाते हुए नजर आ रहे हैं। अब पुलिस फुटेज की मदद से बदमाशों की तलाश में लगी है।
'बदमाशों की तलाश कर रहे हैं'
एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद का कहना है कि तहरीर के मुताबिक मुकदमा दर्ज किया जाएगा। पुलिस बदमाशों की संख्या को लेकर पूछताछ में लगी है। बदमाशों की तलाश की जा रही है।
शाहगंज के कोठी मीना बाजार में बुधवार दोपहर पौने चार बजे स्कूटर से 15 किलोग्राम चांदी की पायल और 14.5 किलोग्राम चांदी की कतरन लेकर जा रहे कारीगर सुंदर वर्मा और उनके भतीजे भीमसेन को बाइकर्स गैंग ने लूट लिया। तीन बदमाशों ने पहले उनके स्कूटर में टक्कर मारी, फिर जान से मारने की धमकी देकर स्कूटर से चांदी की कतरन से भरा थैला उठाकर ले गए। मौके पर पहुंची पुलिस बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा पाई ।
नबीशाह की दरगाह, बोदला निवासी श्याम सुंदर वर्मा सराफ से चांदी लाकर पायल बनाते हैं। भीमसेन के साथ नमक की मंडी सराफा राजकुमार गुप्ता का माल देने जा रहे थे। उन्होंने पायल स्कूटर की डिकी में रखी थीं। बची हुई 14.5 किलोग्राम चांदी की कतरन एक थैले में थी। थैला स्कूटर के पायदान पर रखा हुआ था। श्याम सुंदर स्कूटर चला रहे थे। लूटी गई चांदी की कतरन कीमत तकरीबन चार लाख रुपये है।