वृंदावन (मथुरा)। भगवान श्रीकृष्ण से मिलने की चाह में हावड़ा कोलकाता की रहने वाली युवती वृंदावन चली आई। जब पुलिस ने उसे अकेला घूमता देख पूछताछ की तो शक हुआ। परिजन से बात करने पर पता लगा कि वह परिजन को बिना बताए ही वृंदावन आई है।
थाना जगासा जनपद हावड़ा पश्चिम बंगाल की 22 वर्षीय युवती तपोसी गांगुली 20 फरवरी को वृंदावन चली आई। भगवान कृष्ण से मिलने की चाह लिए कोलकाता से वृंदावन आई युवती को जब स्थानीय पुलिस ने अकेला घूमता देखा तो संदिग्ध होने पर उससे पूछताछ की। पता चला कि वह बिना बताए घर से वृंदावन दर्शनों के लिए निकल आई है। जिसकी सूचना पुलिस ने युवती के पिता विश्वनाथ गांगुली को दी। जिनसे पता चला कि उन्होंने उसके गुम हो जाने की तहरीर संबंधित थाने में दर्ज करा रखी है।
रविवार को वृंदावन पहुंचे युवती के पिता ने जब अपनी पुत्री को सुरक्षित देखा तो वह नम आंखों के साथ पुत्री से मिलकर उत्तर प्रदेश पुलिस की प्रशंसा करते हुए नजर आए। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई कर युवती को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। वृंदावन कोतवाली प्रभारी संजीव कुमार दुबे ने बताया कि युवती को परिजन के सुपुर्द कर दिया गया है।