वृंदावन में दिवाली वाले दिन वर्ष में एक बार ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर के चौक में चौमुखी सीढ़ी पर दीपदान की परंपरा का इस बार निर्वहन नहीं हो सकेगा। इसे लेकर श्रद्धालुओं में मायूसी भी है। अब तक श्रद्धालु यहां दीप जलाने के बाद ही अपने घरों को रोशन करते थे।
बताया गया है कि ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर की प्रशासक मथुरा मुंसिफ न्यायालय ने इस बार दीपदान की अनुमति नहीं दी है। मंदिर सेवायत प्रह्लाद गोस्वामी ने बताया कि दिवाली वाले दिन भक्त चौंक में रखी चौमुखी सीढ़ी पर दीपदान कर पुण्य लाभ अर्जित करते रहे हैं।
अधिकांश श्रद्धालु पहले अपने आराध्य ठाकुर बांके बिहारी महाराज के मंदिर में दीपदान करने के बाद ही अपने-अपने घरों को रोशन करते हैं, लेकिन मंदिर प्रशासक द्वारा अनुमति न दिए जाने के बाद दीपदान नहीं हो सकेगा।