कासगंज के अस्पताल में भर्ती मरीज
- फोटो : अमर उजाला
कासगंज में बुखार का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार को जिला अस्पताल पर मरीजों की भीड़ उमड़ पड़ी। 747 मरीज इलाज को पहुंचे। रजिस्ट्रेशन से लेकर चिकित्सकों को दिखाने के लिए मरीजों को लंबी कतार लगानी पड़ी। जिससे उसे घंटों इंतजार करना पड़ा। वहीं ब्लॉक स्तरीय स्वास्थ्य केंद्रों पर भी काफी संख्या में मरीज इलाज को पहुंचे।
वायरल बुखार के साथ ही मलेरिया और डेंगू भी जिला में हाहाकार मचाने लगा है। जिससे लोगों में दहशत बढ़ रही है। बुखार आने पर अब मरीज लापरवाही नहीं बरत रहे। वे इलाज के लिए सरकारी अस्पतालों की दौड़ लगाने लगे हैं। जिला अस्पताल पर तो मरीजों की भीड़ टूट रही है। सुबह अस्पताल खुलने के साथ ही मरीज अपना इलाज कराने के लिए अस्पताल पहुंचना शुरू हो गए। अस्पताल खुलने तक 747 मरीजों ने अपना इलाज कराया। जिनमें 172 बुखार पीड़ित, 80 सर्दी खांसी, जुकाम के मरीज तथा शेष अन्य मरीज रहे। मरीजों की भीड़ के चलते जिला अस्पताल पर लंबी कतारें लग गईं। पहले मरीजों को अपना रजिस्ट्रेशन कराने के लिए लाइन लगानी पड़ी। जैसे-तैसे मरीजों ने अपना रजिस्ट्रेशन कराया। जब वे दिखाने के लिए चिकित्सक के पास पहुंचे तो वहां भी उनको लाइन में लगना पड़ा। दवा घर पर भी मरीजों को बिना लाइन के दवा नहीं मिल सकी। वहीं जिला के कासगंज, सोरों, सहावर, गंजडुंडवारा, अमांपुर, पटियाली सिढ़पुरा के स्वास्थ्य केंद्रों पर भी मरीजों की काफी भीड़ रही। इन केंद्रों पर 200 से 300 तक मरीज इलाज को पहुंचे।
बच्चों में भी फैल रहा बुखार
कासगंज जिला में बच्चों पर भी बुखार का कहर है। जिला अस्प्ताल पर पहुंचने वाले मरीजों में 80 बच्चों को लेकर परिजन इलाज को पहुंचे। अधिकतर बच्चों में बुखार की शिकायत मिली। इसके साथ ही सर्दी, खांसी , जुकाम से भी बच्चे पीड़ित होकर इलाज को पहुंचे। कुछ बच्चों में फोडा, फुंसी की भी शिकायत मिली।
एक बालिका को किया अस्पताल में भर्ती
जिला अस्पताल पर इलाज को पहुंचने वाली एक बालिका में तेज बुखार पाया गया। इसके बाद उसे चिकित्सकों ने इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कर लिया। चिकित्सक बालिका में डेंगू की संभावना मानकर चल रहे हैं।
जिला अस्पताल पर मरीजों की काफी भीड़ रही। तेज बुखार के चलते एक बालिका को अस्पताल में भर्ती किया गया है। बालिका की डेंगू से संबंधित जांच कराई जाएंगी-डा. एसपी सिंह सिंधू, सीएमएस
कासगंज में डोर-टू डोर सर्वे में चौंकाने वाले आंकड़े: बुखार के 684 मरीज मिले संक्रमित, 6 मिले मलेरिया रोगी