फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आगरा: चार दिन में बुखार से आठवीं मौत, पिनाहट में पूर्व प्रधान के 14 वर्षीय बेटे ने तोड़ा दम

Sun, 19 Sep 2021 11:03 AM IST
मुकेश कुमार न्यूज डेस्क अमर उजाला, आगरा

सार

फिरोजाबाद के पड़ोसी जनपद आगरा में भी बुखार का प्रकोप तेजी से फैलने लगा है। जिले में बीते चार दिन में आठ मरीजों की मौत हो चुकी है। इनमें ज्यादातर बच्चे हैं। बाह और पिनाहट क्षेत्र के कई गांव बुखार से प्रभावित हैं। 
 
विज्ञापन
मृतक छोटू का फाइल फोटो - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आगरा जिले में बुखार का प्रकोप जानलेवा साबित हो रहा है। पिनाहट क्षेत्र में रविवार को बुखार के कारण गांव चचिहा के पूर्व प्रधान रवि पांडेय के 14 वर्षीय पुत्र छोटू की मौत हो गई। किशोर की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। 

विज्ञापन


परिजनों ने बताया कि छोटू को दो दिन से बुखार आ रहा था। फतेहाबाद के निजी चिकित्सक के यहां से दवा दिलवा कर लाए थे। रविवार सुबह को तेज बुखार होने से उसकी तबीयत बिगड़ गई। आगरा ले जाते समय सुबह तकरीबन पांच बजे रास्ते में छोटू ने दम तोड़ दिया। जिले में चार दिन में बुखार से यह आठवीं मौत है। 

शनिवार की तीन बच्चों की मौत हुई 
शनिवार को फतेहपुर सीकरी क्षेत्र के गांव रसूलपुर में दो बच्चों की मौत हो गई थी। ये सगे भाई-बहन थे। दोनों बच्चों का भरतपुर के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। परिजनों ने बताया कि यहां पर दोनों बच्चों को डेंगू बताया था। स्वास्थ्य विभाग ने मृतक बच्चों के परिजनों के सैंपल जांच के लिए भेजे हैं। 

विज्ञापन
विज्ञापन

कागारौल क्षेत्र के गांव नगला माहौर में 12 वर्षीय आर्यन पुत्र दीवान सिंह ने दम तोड़ दिया। परिजनों के मुताबिक आर्यन पांच दिनों से बुखार से पीड़ित था। उसे स्थानीय एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शनिवार की शाम उसकी मौत हो गई। सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने कहा कि नगला माहौर में एक बच्चे की बुखार से मौत की जानकारी मिली है। टीम भेजकर जांच कराई जा रही है। 

टेढ़ी बगिया के गिर्राज धाम कॉलोनी में रहने वाले एक ही परिवार के दो बच्चों की मौत गुरुवार को हो गई थी। दोनों बच्चे बुखार से पीड़ित थे। अगले दिन खंदौली थाना क्षेत्र के गांव खड़िया में गुरुवार की देर रात बुखार से एक बच्ची की मौत हो गई। उसके परिवार में कई और लोग बीमार हैं। इनका आगरा के अस्पताल में इलाज चल रहा है। 

चार किमी पैदल चलकर बच्चों को लाए अस्पताल
बाह के बाढ़ प्रभावित झरनापुरा गांव में अब बुखार का प्रकोप है। घर-घर में लोग बीमार हैं। बारिश से गांव का रास्ता भी कीचड़ से भर गया है। ऐसे में बुखार से पीड़ित अजय (12) और पुष्पेंद्र (6) को उसके परिजन कंधे पर लादकर चार किमी पैदल चलकर हरलालपुरा तक पहुंचे। वहां से बाइक से बाह सीएचसी लेकर आए।  

बाह के गांव मिड़कौली (बाह) पहुंचे सीडीओ ए मनिकन्डन को घर-घर बुखार पीड़ित मिले। गांव के दो मरीजों में डेंगू पुष्टि होने पर सीडीओ यहां पहुंचे थे। सीडीओ ने अधीक्षक डॉ. जितेंद्र वर्मा को गांव में कैंप लगाने के निर्देश दिए। पंचायत सचिव शशि शेखर को सफाई और एंटीलार्वा के छिडकाव के निर्देश दिए। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें