ब्रज में वायरल और डेंगू के कारण लोगों की मौत का सिलसिला थम नहीं रहा है। शुक्रवार को 14 लोगों की और मौत हो गई। इनमें कासगंज के चार, फिरोजाबाद के तीन, मथुरा, आगरा और मैनपुरी के दो-दो के अलावा एटा का एक व्यक्ति शामिल हैं।
कासगंज के अहरौली के नगला सैयद के उज्ज्वल (5) पुत्र विपुल ने अलीगढ़ में उपचार के दौरान मौत हो गई। सोरोंजी के सलेमपुर बीबी की मंजू (38) पत्नी सतेंद्र की बरेली में मौत हो गई। लता देवी (32) पत्नी रिंकू ने अलीगढ़ में और महेश (27) पुत्र जयवीर निवासी बढ़ारी खुर्द की गांव में ही उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। जिले में अब तक बुखार व डेंगू से 76 मौतें हो चुकी हैं। एटा के जलेसर क्षेत्र के गांव पुन्हैरा निवासी अन्नू (30) पुत्र शेरशाह की आगरा के अस्पताल में मौत हो गई।
मैनपुरी में भी नहीं थम रहीं मौतें
मैनपुरी के नगर पंचायत ज्योंती खुड़िया का मोहल्ला नगला धर्मपाल में विजेंद्र सिंह की पुत्री कोमल (17) और सूबेदार शाक्य की पत्नी कमला देवी (60) की बुखार से मौत हो गई।