एटा जिले में शराब माफिया बंटू यादव की गिरफ्तारी के बाद शुक्रवार की सुबह अफवाह उड़ी कि पुलिस उसका एनकाउंटर करने जा रही है। इस पर ग्रामीण भड़क गए। ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से सैकड़ों ग्रामीण कोतवाली देहात पहुंच गए। बाद में ग्रामीणों ने डीएम आवास को घेर लिया। करीब तीन घंटे तक चले घेराव के बाद डीएम ने बंटू यादव का चालान कर जेल भेजने का आश्वासन दिया, तब ग्रामीण माने।
कोतवाली देहात क्षेत्र में बरामद शराब की पेटियां गायब करने और फर्जी मुठभेड़ मामले में शराब माफिया बंटू यादव को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। थाना पिलुआ क्षेत्र के गांव दरिगपुर निवासी बंटू यादव उर्फ प्रदीप का एनकाउंटर करने की अफवाह शुक्रवार को फैल गई। इसके बाद माफिया के गांव में हड़कंप मच गया।
संबंधित खबर- एटा फर्जी मुठभेड़ प्रकरण: सिपाही शैलेंद्र यादव और शराब माफिया बंटू गिरफ्तार, इंस्पेक्टर फरार, पढ़िए पूरा मामला
चार-पांच ट्रैक्टरों में सवार होकर महिलाएं और पुरुष थाना कोतवाली देहात और कलक्ट्रेट स्थित डीएम आवास पर पहुंच गए। इन लोगों की मांग थी कि लिखापढ़ी करने के बाद बंटू यादव को जेल भेजा जाए। अधिकारियों की ओर से ग्रामीणों को समझाया गया कि ऐसा कुछ भी नहीं होगा। इसके बाद भी चालान होने तक ग्रामीण कोतवाली देहात और जिलाधिकारी आवास के सामने पार्क में बैठे रहे।