एटा में दहेज की खातिर महिला से मारपीट करने की शिकायत पर शनिवार को दबिश देने गई पुलिस की ग्रामीणों ने पिटाई कर दी। लाठी-डंडों से एसआई और दो सिपाहियों को पीटा गया। घायल सिपाही और एसआई को अलीगंज स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया गया। एसआई ने मामले की रिपोर्ट थाना जसरथपुर में दर्ज कराई है।
फर्रुखाबाद के थाना मेरापुर के गांव नगला समल निवासी दिनेश ने अपनी बेटी की शादी जसरथपुर क्षेत्र के गांव नगला जई निवासी नरेंद्र के साथ की थी। शादी के बाद ससुरालीजन दहेज की खातिर विवाहिता को परेशान करने लगे। मामले की शिकायत दिनेश ने थाना जसरथपुर में दर्ज कराई।
शुक्रवार रात करीब ढाई बजे थाने से एसआई सुरेश कुमार, सिपाही हरेंद्र और विजय सिंह आरोपी के घर दबिश देने गए। इस पर ग्रामीणों ने पुलिस को घेर लिया और लाठी डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में दरोगा और दोनों सिपाही घायल हो गए।