कासगंज जिले के सोरों के मार्गशीर्ष मेले की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस मेले का धार्मिक महत्व है। इस बार मार्गशीर्ष मेले में संस्कृति और विज्ञान का संगम होगा। जिला विज्ञान क्लब लोगों में विज्ञान की रुचि बढ़ाने के लिए मार्गशीर्ष मेले में तीन दिवसीय विज्ञान मेला आयोजित करेगा।
हरि की पैड़ी में गंगा स्नान कर लोग मेला मार्गशीर्ष का लुत्फ लेते हैं। धार्मिक महत्व के इस मेले में बड़ी संख्या में आसपास के अतिरिक्त बाहरी राज्यों से भी लोग पहुंचते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों में विज्ञान की रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से जिला विज्ञान क्लब ने विज्ञान मेला आयोजित करने का निर्णय लिया है। जिससे लोगों को विज्ञान की समझ बढ़ सके।
विज्ञान मेला 20 दिसंबर से 22 दिसंबर तक आयोजित होगा। तीन दिवसीय इस मेले में अंधविश्वासों के खिलाफ जागरूकता के लिए साइंस मैजिक शो का होगा। वहीं पपेट शो के माध्यम से भी सामाजिक बुराइयों एवं विज्ञान की जानकारी दी जाएगी। बच्चों के बीच विज्ञान क्विज, पेंटिंग प्रतियोगिताएं सहित अन्य कार्यक्रम आयोजित होंगे।
मुख्य विकास अधिकारी श्रीनिवास मिश्र ने बताया कि सभी कार्यक्रमों के आयोजन के लिए समिति का गठन किया गया है। यह समिति विज्ञान मेले का सफल आयोजन कराएगी। वहीं जिला विज्ञान क्लब समन्वयक जयंत गुप्ता ने बताया कि सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। उन्होंने लोगों से मेले में प्रतिभागिता करने की अपील की है।