08एमएनपी-13-विकास भवन में बैठक करते उप निदेशक पंचायत राज परवेज आलम खान
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। लॉकडाउन के चलते पिछड़ रहे शौचालयों के निर्माण में पंचायत राज विभाग को अब तेजी लानी होगी। शासन के आदेश पर अब हर हाल में इसी माह शौचालयों का निर्माण पूर्ण कराया जाना है। इस संबंध में उप निदेशक पंचायत राज आगरा मंडल ने शुक्रवार जिले में पहुंचे अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ बैठक की।
शुक्रवार को उप निदेशक पंचायत राज आगरा मंडल परवेज आलम खान मैनपुरी पहुंचे। उन्होंने विकास भवन के आंबेडकर सभागार में डीपीआरओ स्वामीदीन और सभी नौ ब्लॉकों के सहायक विकास अधिकारी पंचायत के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि शासन का आदेश है कि हर हाल में अधूरे पड़े शौचालयों को 30 मई तक पूर्ण कर लिया जाए। इसके बाद अगर कहीं भी शौचालय निर्माण का अधूरा मिलता है तो कार्रवाई की जाएगी। सभी एडीओ पंचायत से उन्होंने ब्लॉकों में अधूरे शौचालयों की स्थिति को जाना। गांवों में बाहर से आने वाले लोगों को क्वारंटीन करने के लिए की गई व्यवस्था की भी जानकारी उन्होंने की। वर्तमान में जिले में लगभग चार हजार शौचालय निर्माणाधीन हैं। डीपीआरओ स्वामीदीन ने जल्द निर्माण पूर्ण करने का भरोसा दिलाया। बैठक में एडीपीआरओ रोहित कुमार, जिला परियोजना प्रबंधक अजय विक्रम, जिला स्वच्छता समन्वयक नीरज शर्मा मौजूद रहे।