मैनपुरी के युवकों ने सऊदी अरब से वीडियो भेजकर मांगी मदद
- फोटो : वीडियो से ली गई तस्वीर
सऊदी अरब में बंधक बनाए गए आनंद बाथम की वतन वापसी के लिए प्रयास शुरू हो गए हैं। मंगलवार को आनंद की पत्नी ने डीएम को पत्र सौंपकर गुहार लगाई है। जिलाधिकारी की ओर से विदेश मंत्रालय और दूतावास के लिए पत्र लिखा गया है। वहीं पुलिस उन दलालों के बारे में जानकारी जुटा रही है, जिन्होंने रुपये लेकर युवक को विदेश भिजवाया था।
किशनी थाना क्षेत्र के गांव बिरतिया इलाबांस निवासी आनंद बाथम 17 मार्च को नौकरी के लिए सऊदी अरब के रियाद शहर गया था। वहां केमिकल फैक्टरी में काम मिला, लेकिन आज तक वेतन नहीं मिला। वेतन मांगने पर युवक को बंधक बनाकर मारपीट की गई।
शनिवार को वीजा सहित अन्य कागजात लेने के बाद फैक्टरी मालिक ने युवक को निकाल दिया। इसके बाद युवक ने परिजनों को वीडियो भेजकर वतन वापसी के लिए प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से गुहार लगाई थी। रविवार को भी युवक ने वीडियो भेजा।