आगरा जिले में अध्यापक पात्रता परीक्षा (टीईटी) के लिए 49,756 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। 18 नवंबर को दो पाली में परीक्षा आयोजित की जाएगी। पहली पाली में 31711 अभ्यर्थियों को 64 केंद्रों पर परीक्षा देनी है। दूसरी पाली में 33 केंद्रों पर 18045 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं।
परीक्षा को लेकर दिशा-निर्देश जारी कर दिये गये हैं। परीक्षा शुरू होने के 10 मिनट बाद कोई अभ्यर्थी पहुंचता है तो उसे केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। साथ ही अभ्यर्थी को प्रवेशपत्र, पहचानपत्र, बीएड या बीटीसी प्रशिक्षण का मूल प्रमाणपत्र अनिवार्य रूप से ले जाना होगा।
वहीं अध्यापक पात्रता परीक्षा में सख्ती रहेगी। जिले में 16 सेक्टर मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी लगाई गई है। प्रत्येक केंद्र पर दो पर्यवेक्षक तैनात रहेंगे। एक जिला प्रशासन की ओर से और एक ही ड्यूटी शिक्षा विभाग की ओर से लगाई गई है।
रविवार को पहली पाली की परीक्षा सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक और दूसरी पाली की परीक्षा शाम 3:00 बजे से 5:30 बजे तक होगी। अभ्यर्थियों को समय से परीक्षा केंद्रों पर उपस्थिति दर्ज करानी होगी।