फिरोजाबाद के दक्षिण थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड स्थित एक निजी अस्पताल में मंगलवार रात नवजात बदलने का आरोप लगाते हुए तीमारदारों ने हंगामा किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने रिकॉर्ड और साक्ष्यों का मिलान कराया तो पता चला कि नवजातों की पहचान के लिए लगाई गई मां के नाम की चिट (टैग) आपस में बदल जाने के कारण यह गलतफहमी हुई थी। स्थिति स्पष्ट होने पर दोनों पक्ष मान गए।
शिकोहाबाद के एटा रोड निवासी ललित गुप्ता की पत्नी पूनम को मंगलवार सुबह अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसने शाम पौने पांच बजे बेटे को जन्म दिया। बच्चा कमजोर होने के कारण उसे एमआईसीयू में रखा गया। इससे कुछ समय पूर्व ही रामगढ़ थाना क्षेत्र के कोहिनूर रोड निवासी नूर मोहम्मद की पत्नी चांदनी ने बेटी को जन्म दिया था। अस्पताल कर्मियों की लापरवाही के कारण दोनों नवजातों के पालने पर पहचान के लिए लगाई गई मां के नाम की चिट (टैग) आपस में बदल गईं।