आगरा कैंट रेलवे स्टेशन के बाहर फुटपाथ और पटरी पर दुकानें, खोखे, ढाबों पर नगर निगम ने बुलडोजर चलाया। बुधवार दोपहर में नगर निगम टास्कफोर्स ने जब ढाबों, दुकानें और फास्ट फूड काउंटरों को हटाना शुरू किया तो सोहल्ला के भाजपा पार्षद राकेश कन्नौजिया बुलडोजर के सामने खड़े हो गए और कार्रवाई का विरोध किया। पार्षद ने बुलडोजर पर चढ़कर कार्रवाई को रोका और कहा कि पहले वेंडिंग जोन बनाकर गरीब दुकानदारों को जगह दी जाए फिर भी अतिक्रमण न रुके तो अभियान चलाया जाए। गरीबों ने स्वनिधि योजना में नगर निगम से ऋण लेकर दुकानें लगाई हैं, जिन्हें निगम का टास्कफोर्स ही तोड़ने आ गया। इस पर दो घंटे तक हंगामा होता रहा।
श्रीराम चौक से आगरा कैंट स्टेशन तक चलाए अभियान में टास्कफोर्स ने पुलिस की मौजूदगी के बीच ढाबों, फास्ट फूड काउंटरों और खोखों को तोड़ा और जुर्माना भी वसूला। दुकानदारों ने कार्रवाई का विरोध किया और भाजपा के क्षेत्रीय पार्षद राकेश कन्नौजिया को बुला लिया। उनकी टास्कफोर्स अधिकारियों से तीखी नोकझोंक हुई।
विरोध के बीच पार्षद बुलडोजर पर चढ़ गए और कार्रवाई रोक दी। पार्षद ने कहा कि गरीबों की आजीविका का भी ध्यान रखा जाना चाहिए। पहले नगर निगम वेंडिंग जोन बनाए और उन्हें आवंटित करे फिर अतिक्रमण हो तो कार्रवाई करें। कोई नहीं रोकेगा। एक साल से दुकानें क्यों नहीं बनाकर दी गईं। पार्षद के विरोध के बाद निगम का टास्कफोर्स चेतावनी देकर चला गया। नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कहा कि वेंडिंग जोन से संबंधित व्यवस्थाएं की जा रही हैं, लेकिन फुटपाथ पर कब्जा नहीं करने दिया जाएगा।