फिरोजाबाद जिले की पांच विधानसभाओं के लिए जिला मुख्यालय पर नामांकन 25 जनवरी से सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक दाखिल होंगे। प्रशासन ने एक फरवरी तक होने वाले नामांकन के लिए बैरिकेडिंग का काम शुरू करा दिया है। मुख्यालय की तरफ जाने वाली सभी सीमाओं को सील किया जाएगा। जिला मुख्यालय के गेट तक प्रत्याशी सिर्फ एक वाहन से आ सकेंगे, बाकी वाहनों को 200 मीटर दूर रोका जाएगा। जो प्रत्याशी आचार संहिता का उल्लंघन करेगा उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिले में तीसरे चरण में चुनाव होगा। डीएम एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्र विजय सिंह, एसएसपी अशोक कुमार शुक्ला के निर्देश पर जिला मुख्यालय पर चाक चौबंद व्यवस्थाएं की जा रहीं है। एडीएम एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि जिला मुख्यालय के गेट से प्रत्याशी के साथ उसके दो प्रस्तावकों को प्रवेश मिलेगा। उन्होंने कहा कि सभी पांच विधानसभा के नामांकन कक्षों के साथ ही जिला मुख्यालय परिसर एवं बाईपास रोड वाले गेट पर भी सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं।
किस विधानसभा का कहां होगा नामांकन
फिरोजाबाद विधानसभा-डीएम न्यायालय कक्ष संख्या 203
शिकोहाबाद विधानसभा-एडीएम न्यायालय कक्ष संख्या 208
सिरसागंज विधानसभा-चकबंदी अधिकारी कक्ष संख्या-207
जसराना
विधानसभा-संयुक्त निदेशक अभियोजन कक्ष संख्या-118
टूंडला विधानसभा-सहायक महानिरीक्षक न्यायालय कक्ष संख्या-114
परिचयपत्र के साथ आना होगा
नामांकन प्रक्रिया के दौरान जिला मुख्यालय एवं विकास भवन में ड्यूटी करने वाले स्टाफ को अपना परिचयपत्र साथ लाना होगा। क्योंकि पुलिस फोर्स द्वारा नामांकन के दौरान सघन तलाशी के बाद ही प्रवेश मिल सकेगा। इस कारण स्टाफ परिचयपत्र साथ लाएं तो कोई दिक्कत नहीं होगी।