उत्तर प्रदेश पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशुचिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय एवं गो-अनुसंधान संस्थान मथुरा ने सोमवार को पीवीटी-2019 (मुख्य) परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया। मुख्य प्रवेश परीक्षा में शामिल 899 में से 638 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। इसमें बुलंदशहर के विमल सिंह ने प्रथम स्थान हासिल किया है।
परीक्षा नियंत्रक डॉ. दयाशंकर ने बताया कि विश्वविद्यालय के कॉलेज ऑफ वेटरनेरी साइंस की स्नातक डिग्री (वीबीएससी एंड एएच) के लिए प्रदेश स्तर पर आयोजित परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। इसमें 638 छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण घोषित हुए हैं।
बुलंदशहर के अहमदगढ़ निवासी विमल सिंह पुत्र सुनील सिंह को पहली रैंक मिली है। जौनपुर के डमडमा निवासी विकास कुमार पांडेय पुत्र श्याम प्रताप पांडेय को द्वितीय, श्यामानगर (कानपुर नगर) की नीशी श्रीवास्तव पुत्री एके श्रीवास्तव को तृतीय स्थान मिला है।
बहराइच के शिवांस प्रताप सिंह पुत्र उदयभान सिंह को चौथी और लखनऊ की दिव्यांशी सिंह पुत्री जेएस चौहान ने पांचवीं रैंक प्राप्त की है। गौरतलब है कि विश्वविद्यालय ने मुख्य प्रवेश परीक्षा रविवार को ही आयोजित की थी। डॉ. दयाशंकर ने बताया कि 23 जुलाई को विश्वविद्यालय अब प्रवेश के लिए काउंसलिंग का आयोजन करेगा।