स्टेशन रोड पर पलटा निर्माणाधीन मकान पर बांधा गया जाल
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। शहर के स्टेशन रोड पर सोमवार की दोपहर एक बड़ा हादसा हो जाता, लेकिन सौभाग्यवश राहगीर बाल बाल बच गए। दोपहर के समय एक मोबाइल शोरूम पर लगा लकड़ी का जाल टूट कर सड़क पर गिर गया। इसकी चपेट में आकर कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। करीब एक घंटा तक मार्ग पर जाम के हालात बने रहे।
स्टेशन रोड पर रैनबो मोबाइल शोरूम पर निर्माण कार्य चल रहा है। इस दौरान लकड़ी का जाल लगाकर मजदूर काम करते हैं। सोमवार की दोपहर करीब ढाई बजे जब मार्ग से राहगीर गुजर रहे थे, तभी अचानक लकड़ी के जाल की रस्सी टूट गई और सड़क पर गिर गई। इससे कई वाहन उसकी चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गए। मार्ग पर दोनों ओर जाम लग गया।
प्रत्यक्षदर्शी राहगीर लोकपाल निवासी गांव अंजनी ने बताया कि वह दुकान पर खाना लेकर जा रहा था। जाल गिरता देख उसकी तो सांसे ही थम गईं। हादसे में उसकी साइकिल टूट गई है। सूचना मिलने के बाद पहुंची कोतवाली पुलिस ने मार्ग का आवागमन सुचारु कराने के प्रयास शुरू किए।