कासगंज जिले में पुलिस ने गैर प्रांत से तस्करी कर लाई गई अवैध शराब की बड़ी खेप पकड़ी है। बरामद की गई शराब चंडीगढ़, हरियाणा से तस्करी कर के लाई गई थी। शराब तस्करी का भंडाफोड़ सुन्नगढ़ी थाना पुलिस ने किया।
पुलिस ने अवैध शराब की 700 पेटियां एक वाहन से बरामद की हैं। उक्त वाहन को भी कब्जे में लिया है। तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस शराब की डिलीवरी पांच शराब माफिया के यहां दी जानी थी।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार शुक्ल ने जानकारी देते हुए बताया कि सुन्नगढ़ी थाना प्रभारी मुकेश कुमार सोलंकी को अवैध शराब की गाड़ी के आने की सूचना प्राप्त हुई। पुलिस ने सुन्नगढ़ी से गंजडुंडवारा की ओर जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी कर दी।
700 पेटी अवैध शराब बरामद
पुलिस ने बूढ़ी गंगा के पुल के पास खिजरपुर मोड़ पर ट्रक को आते देखा। ट्रक को रोककर तलाशी ली गई तो उसमें तस्करी कर लाई जा रही अवैध शराब की 700 पेटियां मिलीं। पुलिस ने अवैध शराब को कब्जे में ले लिया।
ट्रक सवार बलविंदर सिंह निवासी फतेहाबाद हरियाणा, दीवानचंद निवासी शक्तिनगर हरियाणा को गिरफ्तार कर लिया। कैंटर से 650 पेटी चंडीगढ़ मार्का बरामद हुईं। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वो 50 पेटी शराब गौरव मिश्रा निवासी शेरपुर अमांपुर के यहां उतारकर आए हैं।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस पर पुलिस टीम ने गौरव मिश्रा के ठिकाने पर दबिश दी। वहां जमीन में गड्ढा खोदकर छिपाई गई 50 पेटी शराब बरामद कर ली। आरोपी गौरव मिश्रा को भी गिरफ्तार कर लिया।
कई जगह होनी थी सप्लाई
अवैध शराब की डिलीवरी प्रमोद निवासी ग्राम भवानी गंजडुंडवारा, खजान सिंह उर्फ लाला निवासी धरमपुर सुन्नगढ़ी, विकास निवासी परतापुर सहावर, विनय प्रधान निवासी परतापुर सहावर एवं संजय निवासी चाड़ी सहावर के यहां दी जानी थी। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अवैध शराब के पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है।
अवैध शराब की तस्करी के मामले में कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आईं हैं। गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे अवैध शराब की तस्करी के एवज में आबकारी एवं पुलिस को भी रुपये देते हैं। पुलिस अधीक्षक ने इस बिंदु पर भी जांच करने के निर्देश दिए हैं।