मैनपुरी जिले में पंचायत सहायक भर्ती में सोमवार को दूसरी चयन सूची जारी कर दी गई। इसमें 40 पंचायत सहायकों के नाम शामिल हैं। मुख्य विकास अधिकारी और जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद चयन सूची संबंधित खंड विकास अधिकारी को भेजी गई है। उन्हें जल्द से जल्द अनुबंध कराने के आदेश दिए गए हैं।
जिले की 549 ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायकों की भर्ती प्रक्रिया चल रही है। पहली सूची में 416 पंचायत सहायकों के नाम जारी किए गए थे। इसके बाद से ही दूसरी सूची का इंतजार था। सोमवार को जारी हुई दूसरी सूची में मैनपुरी ब्लॉक की 40 ग्राम पंचायतों में सहायकों का चयन किया गया है। ग्राम पंचायत की प्रशासनिक समिति के अनुमोदन के बाद जिला पंचायत राज अधिकारी स्वामीदीन ने उच्चाधिकारियों को सूची भेजी थी।
मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार और जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह के अनुमोदन के बाद चयन सूची जारी कर दी गई। ये सूची अब खंड विकास अधिकारी मैनपुरी को भेजी गई है। उन्हें जल्द से जल्द ग्राम प्रधान और पंचायत सहायक के बीच अनुबंध कराने के बाद नियुक्ति पत्र देने के लिए आदेशित किया गया है।